11 माह की मासूम को यमुना में फेंककर हत्या का आरोप, पति गिरफ्तार
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में दहेज की मांग और घरेलू विवाद के चलते 11 माह की मासूम बच्ची को यमुना नदी में फेंककर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में बच्ची के पिता और महिला के पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी आम जनमानस की मदद से यमुना पुल से की गई।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को पीड़िता ने थाना सिकंदरा में शिकायत दी कि उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग और घरेलू विवाद को लेकर उसे परेशान करते थे। परेशान होकर वह अपने मायके चली गई थी। करीब 20 दिन पहले ही वह दोबारा अपने ससुराल आई थी, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी ससुराल पक्ष द्वारा उसे दहेज और घरेलू कलह को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा।
फोटो खींचने के बहाने बच्ची को लिया
पीड़िता के मुताबिक, 14 अगस्त को उसका पति उसे बाजार ले जाने के बहाने घर से बाहर लेकर आया। इसके बाद यमुना पुल पर फोटो खींचने के बहाने उसने अपनी 11 माह की बेटी को महिला से ले लिया। आरोप है कि इसके बाद बच्ची को यमुना नदी में फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
महिला ने आरोप लगाया कि बच्ची को नदी में फेंकने के बाद आरोपी ने उसे भी नदी में फेंकने का प्रयास किया।
आम लोगों की मदद से आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सिकंदरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आम जनमानस की सहायता से आरोपी रिन्कू उर्फ चन्द्रवीर को यमुना पुल से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
रिन्कू उर्फ चन्द्रवीर पुत्र नारायण सिंह उर्फ लीला, निवासी ग्राम बादाम गढ़ी, थाना बलदेव, जनपद मथुरा। पुलिस के अनुसार आरोपी मृतक बच्ची का पिता और पीड़िता का पति है।
इन आरोपियों की तलाश जारी
मामले में पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को वांछित किया है।
- ओमवीर पुत्र नारायण सिंह उर्फ लीला, निवासी ग्राम बादाम गढ़ी, थाना बलदेव, मथुरा।
- नारायण सिंह उर्फ लीला, निवासी ग्राम बादाम गढ़ी, थाना बलदेव, मथुरा।
- एक अभियुक्ता, जिसकी पहचान पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।






