Breaking News
आगरा में 17 सितंबर को लगेगा बड़ा रोजगार मेला, 20 से 25 कंपनियां लेंगी हिस्सा!

आगरा मंडल के सहायक निदेशक सेवायोजन चंद्रचूड़ दुबे ने बताया कि 17 सितंबर 2026 को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और डॉ. मनीष शर्मा डिग्री कॉलेज, कोटली बगीची, आगरा में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

मेले में आगरा और एनसीआर की करीब 20 से 25 बड़ी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। आईटीआई, पॉलिटेक्निक और डिग्री कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया गया है।

हाईस्कूल से लेकर एमबीए, बीटेक, बीसीए, एमसीए, आईटीआई और पॉलिटेक्निक सहित विभिन्न योग्यता वाले अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकते हैं। रोजगार मेला पूरी तरह निशुल्क होगा।

विभाग का लक्ष्य इस मेले में करीब 1,000 बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार दिलाना है। साथ ही आगरा की सभी 9 विधानसभाओं में भी रोजगार मेले आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है।

अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।

सपा के धरने में लगे ‘योगी-मोदी जिंदाबाद’ के नारे!

आगरा नगर निगम पर समाजवादी पार्टी के धरना-प्रदर्शन के दौरान उस वक्त माहौल चर्चा में आ गया, जब एक अधिवक्ता ‘योगी मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाते दिखाई दिए।

वहीं, प्रदर्शन के दौरान ‘अखिलेश यादव मुर्दाबाद’ के नारे भी सुनाई दिए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई।

आगरा में एयरफोर्स जवान का रेलवे ट्रैक पर मिला दो टुकड़ों में शव!

अछनेरा रेलवे स्टेशन के पास 35 वर्षीय एयरफोर्स जवान नैनाराम का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। वह पत्नी और दो बच्चों के साथ हावड़ा एक्सप्रेस से प्रयागराज जा रहे थे।

यात्रियों के मुताबिक ट्रेन में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। अछनेरा में जवान ट्रेन से उतर गए और बाद में ट्रेन के आगे आने की बात सामने आई। GRP को शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है।

जवान के मोबाइल पर लगातार पत्नी के कॉल आ रहे थे। पुलिस ने फोन अनलॉक कर परिजनों से संपर्क किया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच जारी है।

रकाबगंज में खौलते तेल से 3 लोग झुलसे, जातिसूचक शब्दों से अपमान का भी आरोप!

आगरा के रकाबगंज थाने के सामने दूध डेयरी पर विवाद के बाद तीन लोगों के गंभीर रूप से झुलसने का मामला सामने आया है।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दूध देने में देरी को लेकर हुई कहासुनी के बाद डेयरी संचालक ने मुकुल पर खौलता हुआ तेल डाल दिया। उसे बचाने पहुंचे सोनू और पीयूष पर भी तेल डालने का आरोप है।

तीनों को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज की सर्जरी बिल्डिंग में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने डेयरी संचालक पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाने के सामने हुई इस घटना पर अब पुलिस कार्रवाई क्या होगी?

रात होते ही शटर के नीचे से शराब बिक्री का आरोप, आबकारी विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल

आगरा के प्रतापपुर क्षेत्र में एक शराब की दुकान को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि रात के समय दुकान बंद होने के बाद कथित तौर पर शटर के नीचे से शराब की बिक्री की जा रही है। इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आने का दावा किया जा रहा है, जिसके बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।

आरोप है कि निर्धारित समय के बाद भी शराब की बिक्री जारी रहती है और लोगों को कथित तौर पर ब्लैक में शराब उपलब्ध कराई जाती है। यदि ये आरोप सही पाए जाते हैं तो यह आबकारी नियमों के उल्लंघन का गंभीर मामला हो सकता है।

मामले को लेकर अब सबसे बड़ा सवाल आबकारी विभाग की निगरानी और कार्रवाई पर उठ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर रात के समय इस तरह शराब की बिक्री हो रही है, तो संबंधित विभाग को इसकी जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अब देखना होगा कि शिकायत और सामने आए वीडियो के आधार पर आबकारी विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।

मायावती फिर निकाल सकती हैं आकाश आनंद को BSP से!

बसपा प्रमुख मायावती और उनके भतीजे आकाश आनंद के बीच दूरी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। आकाश ने X पर अपना बायो बदलकर खुद को ‘BSP समर्थक’ लिखा है।

इससे पहले उन्होंने खुद को ‘BSP कार्यकर्ता’ बताया था।

बताया जा रहा है कि मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों को आकाश आनंद और उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ को सोशल मीडिया पर अनफॉलो करने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, आकाश से हटाकर संगठन की समीक्षा की जिम्मेदारी छोटे भतीजे ईशान आनंद को दी गई है।

हालांकि, आकाश आनंद को पार्टी से निष्कासित करने की कोई आधिकारिक घोषणा अभी सामने नहीं आई है।

खुले नाले में गिरकर बुजुर्ग की मौत, नगर निगम पर लापरवाही के आरोप

आगरा के केदार नगर में बारिश के दौरान खुले नाले में गिरने से ओमप्रकाश देवानी की मौत हो गई। बताया गया कि राजकमल इंटर कॉलेज के पास जलभराव के बीच उनकी साइकिल का पहिया सड़क पर पड़ी सिल्ट में फंस गया और वे नाले में जा गिरे।

स्थानीय युवक समीर ने लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ी और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नाले के निर्माण के लिए पहले ही नगर निगम को पत्र दिया गया था और टेंडर भी हो चुका था, लेकिन काम नहीं हुआ।

मृतक के बेटे आशीष ने मुआवजे की मांग से ज्यादा खुले नालों को जल्द ढकने की अपील की है, ताकि किसी और की जान न जाए।

🚨 सुभाष बाजार में नगर निगम का बड़ा एक्शन, 7 दुकानों पर चलेगा बुलडोजर

आगरा। सुभाष बाजार में महावीर नाले के ऊपर बनी दुकानों के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम की टीम भारी मशीनरी के साथ मौके पर पहुंची है और 7 दुकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

बताया जा रहा है कि 8 जुलाई को हुए हादसे में एक महिला की मौत के बाद महावीर नाले पर बनी इन दुकानों के कमजोर स्लैब को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई का फैसला लिया। जांच और निरीक्षण के बाद दुकानदारों को दुकानें खाली करने के लिए नोटिस भी दिए गए थे।

जानकारी के मुताबिक, 7 दुकानों में से 3 दुकानदारों ने अपनी दुकानें खाली कर दीं, जबकि 4 दुकानदारों ने कार्रवाई के लिए नगर निगम से कुछ समय मांगा। इसके बावजूद नगर निगम की टीम आज ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंच गई।

मौके पर नगर निगम की मशीनरी पहुंचने के बाद बाजार में हलचल बढ़ गई है। अब महावीर नाले पर बनी इन दुकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम की इस कार्रवाई को 8 जुलाई के हादसे के बाद उठाया गया बड़ा कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का फोकस कमजोर और संभावित रूप से खतरनाक निर्माण को हटाकर किसी बड़े हादसे की आशंका को रोकना बताया जा रहा है।

सुभाष बाजार में नगर निगम का बुलडोजर एक्शन जारी है।

आगरा कलेक्ट्रेट में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा राष्ट्रगान, DCP सिटी ने फहराया तिरंगा

आगरा कलेक्ट्रेट में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त नगर (DCP City) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल में गूंज उठा।

समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के साथ कर्तव्य, निष्ठा और ईमानदारी से राष्ट्रसेवा करने की शपथ दिलाई गई।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनके कर्तव्यनिष्ठ प्रदर्शन की सराहना करते हुए राष्ट्रहित में इसी तरह जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।

ध्वजारोहण और सम्मान समारोह के बाद पुलिसकर्मियों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया। तिरंगे को सलामी और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ कलेक्ट्रेट में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया।

11 माह की मासूम को यमुना में फेंककर हत्या का आरोप, पति गिरफ्तार

आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में दहेज की मांग और घरेलू विवाद के चलते 11 माह की मासूम बच्ची को यमुना नदी में फेंककर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में बच्ची के पिता और महिला के पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी आम जनमानस की मदद से यमुना पुल से की गई।

पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को पीड़िता ने थाना सिकंदरा में शिकायत दी कि उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग और घरेलू विवाद को लेकर उसे परेशान करते थे। परेशान होकर वह अपने मायके चली गई थी। करीब 20 दिन पहले ही वह दोबारा अपने ससुराल आई थी, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी ससुराल पक्ष द्वारा उसे दहेज और घरेलू कलह को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा।

फोटो खींचने के बहाने बच्ची को लिया

पीड़िता के मुताबिक, 14 अगस्त को उसका पति उसे बाजार ले जाने के बहाने घर से बाहर लेकर आया। इसके बाद यमुना पुल पर फोटो खींचने के बहाने उसने अपनी 11 माह की बेटी को महिला से ले लिया। आरोप है कि इसके बाद बच्ची को यमुना नदी में फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

महिला ने आरोप लगाया कि बच्ची को नदी में फेंकने के बाद आरोपी ने उसे भी नदी में फेंकने का प्रयास किया।

आम लोगों की मदद से आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सिकंदरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आम जनमानस की सहायता से आरोपी रिन्कू उर्फ चन्द्रवीर को यमुना पुल से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

रिन्कू उर्फ चन्द्रवीर पुत्र नारायण सिंह उर्फ लीला, निवासी ग्राम बादाम गढ़ी, थाना बलदेव, जनपद मथुरा। पुलिस के अनुसार आरोपी मृतक बच्ची का पिता और पीड़िता का पति है।

इन आरोपियों की तलाश जारी

मामले में पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को वांछित किया है।

  • ओमवीर पुत्र नारायण सिंह उर्फ लीला, निवासी ग्राम बादाम गढ़ी, थाना बलदेव, मथुरा।
  • नारायण सिंह उर्फ लीला, निवासी ग्राम बादाम गढ़ी, थाना बलदेव, मथुरा।
  • एक अभियुक्ता, जिसकी पहचान पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

Call Now Button