Breaking News
टेढ़ी बगिया में जलभराव से बढ़ा करंट का खतरा, घरों में घुसा गंदा पानी; लोगों में आक्रोश

आगरा। टेढ़ी बगिया स्थित नूरानी मस्जिद के पास मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाली और सड़क का गंदा पानी अब घरों के अंदर तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफॉर्मर और जंक्शन बॉक्स के आसपास भी पानी भर गया है। ऐसे में बिजली के करंट का खतरा बना हुआ है। लोगों को आशंका है कि पानी और बिजली के उपकरणों के संपर्क में आने से कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।

गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे

जलभराव के कारण स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चे रोजाना गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। कई बार पानी में फिसलने से बच्चों के गिरने और चोटिल होने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा किताबें और स्कूल ड्रेस भी खराब हो रही हैं।

शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने का आरोप

क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम और जनप्रतिनिधियों पर समस्या की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।

लगातार जलभराव के कारण इलाके में दुर्गंध फैलने के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने डेंगू, मलेरिया समेत अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ने की चिंता जताई है।

स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से जल्द से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और बिजली के उपकरणों के आसपास जमा पानी हटाने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे प्रदर्शन और आंदोलन करने को मजबूर होंगे।