उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की सगाई की तारीख तय हो गई है। 14 नवंबर को अलीगढ़ में उनकी रिंग सेरेमनी आयोजित होगी। सगाई का कार्ड सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा तेज हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संदीप सिंह की मंगेतर का नाम मेघना चौधरी है। दोनों की पहली मुलाकात अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) में पढ़ाई के दौरान हुई थी। बताया जा रहा है कि स्कूल की यह जान-पहचान धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। मेघना आगे की पढ़ाई के लिए विदेश चली गईं, लेकिन दोनों का संपर्क बना रहा।
रिपोर्ट के अनुसार, साल 2024 में इस रिश्ते को लेकर परिवारों के बीच बातचीत हुई थी। शुरुआत में कुछ पारिवारिक विरोध के चलते बात नहीं बन पाई, लेकिन बाद में दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए।
एक ही समारोह में होगी दोनों भाइयों की सगाई!
खास बात यह है कि संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की भी 14 नवंबर को ही सगाई होगी। उनकी रिंग सेरेमनी अंतरा त्यागी के साथ तय हुई है। दोनों भाइयों का कार्यक्रम अलीगढ़ के तालानगरी में संत फिदेलिस स्कूल के पास आयोजित होगा।
फिलहाल शादी की तारीख तय नहीं हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी दिल्ली में होने की संभावना है।
स्कूल की दोस्ती से शुरू हुई यह कहानी अब शादी के रिश्ते तक पहुंच गई है।

