आगरा में शुक्रवार सुबह से मौसम बदला हुआ है। आसमान में घने बादल छाए हैं और हल्की बूंदाबांदी से सुबह के समय हल्की ठंड महसूस हुई। मौसम विभाग ने आंधी और गरज के साथ तेज बारिश की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
40 किमी/घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा
मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर बादल छाए रहने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश की संभावना है। शनिवार को भी बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 18 अक्टूबर से मौसम साफ होने के आसार हैं।
34 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
आगरा में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मानसून में सामान्य से 1% कम बारिश
आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 30 सितंबर तक आगरा में कुल 527.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 530.3 मिमी है। यानी पूरे मानसून सीजन में सामान्य से 3.1 मिमी कम बारिश हुई।
मौसम को देखते हुए सावधानी बरतें और आंधी-बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें।

