आगरा से दशहरे की छुट्टियों में मसूरी घूमने निकले पांच दोस्तों की थार रविवार तड़के सहारनपुर में हादसे का शिकार हो गई। नागल थाना क्षेत्र के बेलड़ा गोल चक्कर के पास थार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं।
मृतकों की पहचान साहिल तिवारी (25), राहुल सिंह (25) और सक्षम गौतम (22) के रूप में हुई है। घायलों सचिन और हेमंत वर्मा को सहारनपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों चचेरे भाई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 4 बजे तेज रफ्तार थार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दो युवक पुल के नीचे जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आई है। थार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण एयरबैग नहीं खुल सके। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
तीन परिवारों में पसरा मातम

हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों के परिवारों में मातम पसरा है। साहिल अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता बीएसएफ में अधिकारी हैं और वर्तमान में बेंगलुरु में तैनात हैं। वहीं, राहुल और सक्षम के परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया गया कि पांचों दोस्त शनिवार रात आगरा से मसूरी के लिए निकले थे। छुट्टियों में घूमने का उनका यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।



