कॉल सेंटर की आड़ में चल रहा था संदिग्ध SIM Box सेटअप, धमकी देने और निजी डेटा के दुरुपयोग के भी सामने आए तथ्य!
आगरा में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस और दूरसंचार विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कथित अवैध SIM Box नेटवर्क का खुलासा किया है। 21 अक्टूबर 2026 को आगरा स्थित वीवी एंटरप्राइजेज के परिसर में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन में थाना साइबर क्राइम, SOG, सर्विलांस टीम और दूरसंचार विभाग की संयुक्त टीम ने की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- आमिर सैफी — निवासी नसरीबाद कॉलोनी, खंदारी, दयालबाग, आगरा।
- मनीष — निवासी वार्ड नंबर 03, गंगोरी, जनपद अलीगढ़।

पुलिस के अनुसार, दूरसंचार विभाग को संदिग्ध मोबाइल नंबरों और शिकायतों से संबंधित जानकारी मिली थी। विश्लेषण के बाद आगरा पुलिस को सूचना दी गई, जिसके आधार पर संयुक्त टीम ने परिसर में जांच की। यहां SIM Box आधारित टेलीकॉम सेटअप संचालित होता पाया गया।
छापेमारी में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का बड़ा जखीरा बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 SIM Box, 221 सिम कार्ड, 96 रेडियो एंटीना, 5 लैपटॉप, एक Dell सर्वर, एक Lenovo मॉनिटर, दो Airtel राउटर, एक TP-Link Omada VPN राउटर और एक D-Link Wi-Fi राउटर बरामद किया।

जांच में सामने आए शुरुआती तथ्यों के मुताबिक, इस सेटअप के जरिए लोगों को कॉल किए जाने, धमकी देने और निजी डेटा के दुरुपयोग से संबंधित शिकायतें मिली थीं। पुलिस अब बरामद सिम कार्डों के पंजीकरण, कॉल की तकनीकी जांच और डेटा के वास्तविक स्रोत का पता लगा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान दूसरे जनपद में इसी तरह का कार्यालय संचालित होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी पड़ताल की जा रही है। अन्य लोगों की भूमिका और संभावित साइबर अपराधों की भी जांच जारी है।
🎙️ बाइट 1: श्रीमती खुशबू शर्मा, निदेशक, दूरसंचार विभाग
🎙️ बाइट 2: DCP वेस्ट, आगरा
अब जांच का बड़ा सवाल—221 सिम कार्डों का इस्तेमाल किन लोगों को कॉल करने के लिए किया गया और निजी डेटा कहां से जुटाया गया? तकनीकी जांच के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

